Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 26 नवंबर।। चिकित्सा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, विशेषज्ञता और चिकित्सकों के समर्पित प्रयासों से के.डी. हॉस्पिटल ने नेत्र चिकित्सा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में पहली बार जटिल ट्रिपल आई सर्जरी सफलतापूर्वक सम्पन्न की गई। इस सर्जरी में एक ही ऑपरेशन के दौरान कॉर्निया प्रत्यारोपण, मोतियाबिंद का ऑपरेशन और आंख में कृत्रिम लेंस प्रत्यारोपण किया गया। नेत्र चिकित्सा की इस जटिल प्रक्रिया को नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शिप्रा त्रिपाठी ने अपनी विशेषज्ञ टीम के सहयोग से सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

चिकित्सकों से मिली जानकारी के अनुसार, अकबरपुर, मथुरा निवासी 78 वर्षीय सोनदेई की आंखों की इस जटिल सर्जरी में तीन महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं एक साथ की गईं। इनमें पेनिट्रेटिंग केराटोप्लास्टी अर्थात क्षतिग्रस्त कॉर्निया के स्थान पर स्वस्थ कॉर्निया का प्रत्यारोपण, कैटरेक्ट एक्सट्रेक्शन अर्थात मोतियाबिंद को निकालना तथा इंट्राऑक्युलर लेंस इम्प्लांटेशन अर्थात आंख में कृत्रिम लेंस प्रत्यारोपित करना शामिल है। इन तीनों प्रक्रियाओं को एक ही सर्जिकल प्रक्रिया में पूरा करना चिकित्सकीय दक्षता, अनुभव और बेहतर समन्वय की बात है।

नेत्र रोग विभागाध्यक्ष डॉ. शिप्रा त्रिपाठी ने बताया कि ट्रिपल प्रोसीजर उन मरीजों के लिए महत्वपूर्ण उपचार विकल्प है, जिन्हें कॉर्निया की गंभीर समस्या के साथ मोतियाबिंद की परेशानी भी होती है। ऐसी स्थिति में कॉर्निया प्रत्यारोपण के साथ मोतियाबिंद निकालकर कृत्रिम लेंस प्रत्यारोपित करना पड़ता है। के.डी. हॉस्पिटल में इस जटिल प्रक्रिया का सफलतापूर्वक सम्पन्न होना नेत्र चिकित्सा सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक उल्लेखनीय उपलब्धि है।

इस सर्जरी में डॉ. शिप्रा त्रिपाठी के साथ पीजी रेजिडेंट द्वितीय वर्ष के डॉ. प्रज्योत पांडिलवार, पीजी रेजिडेंट प्रथम वर्ष की डॉ. प्रगति सहरावत तथा डॉ. नोवोना गोस्वामी ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया। ऑपरेशन थिएटर के सहयोगी स्टाफ सदस्य देवेंद्र और पूजा ने भी अपनी जिम्मेदारी का कुशलतापूर्वक निर्वहन किया। पूरी टीम के समन्वित प्रयासों से यह जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सकी। डॉ. शिप्रा त्रिपाठी ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अपनी पूरी चिकित्सकीय टीम, ऑपरेशन थिएटर स्टाफ और संस्थान प्रबंधन के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसी भी जटिल सर्जरी की सफलता के पीछे चिकित्सक के अनुभव के साथ पूरी टीम का समर्पण और आपसी तालमेल महत्वपूर्ण होता है।

संस्थान के चेयरमैन मनोज अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए डॉ. शिप्रा त्रिपाठी और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि के.डी. हॉस्पिटल का उद्देश्य मरीजों को आधुनिकतम चिकित्सा तकनीक, उन्नत उपचार सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना है। चिकित्सा विज्ञान निरंतर प्रगति कर रहा है और संस्थान का प्रयास है कि नई तकनीकों तथा जटिल उपचार प्रक्रियाओं को अपनाकर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएं। श्री अग्रवाल ने कहा कि इस तरह की उपलब्धियां चिकित्सकों की विशेषज्ञता, समर्पण और संस्थान की बेहतर चिकित्सा व्यवस्था का प्रमाण हैं। भविष्य में भी संस्थान चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक संसाधनों को उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयास करता रहेगा।

डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने भी इस उपलब्धि पर चिकित्सकीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक ही सर्जरी में तीन महत्वपूर्ण नेत्र प्रक्रियाओं को सफलतापूर्वक सम्पन्न करना चिकित्सकीय दक्षता और टीमवर्क का उत्कृष्ट उदाहरण है। के.डी. हॉस्पिटल की यह उपलब्धि मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को उन्नत नेत्र चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। के.डी. हॉस्पिटल की यह पहली सफल ट्रिपल आई सर्जरी न केवल संस्थान की चिकित्सकीय क्षमता को नई पहचान देती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से जटिल नेत्र रोगों का उपचार भी एक ही सर्जिकल प्रक्रिया के माध्यम से सम्भव हो सकता है।

About Author
Ayog Deepak

Ayog Deepak is an Indian journalist and businessperson who is the chairman and Editor-in-chief of Hamara Hathras News.

View All Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page