
हाथरस 26 नवंबर। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में अभियोजन कार्यों एवं नार्को कोऑर्डिनेशन सेंटर मैकेनिज्म (NCORD) समिति की बैठक की। बैठक में विभिन्न आपराधिक मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को न्यायालयों में लंबित मुकदमों की प्रभावी पैरवी कर अपराधियों को शीघ्र सजा दिलाने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने गुंडा एक्ट एवं गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत दर्ज मामलों की समीक्षा करते हुए अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने अभियोजन अधिकारियों को गंभीर आपराधिक मामलों में प्राथमिकता के आधार पर प्रभावी पैरवी करने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियोजन कार्यों का प्रभावी और पारदर्शी निष्पादन न्याय प्रक्रिया को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। डीएम ने महिला अपराधों को गंभीरता से लेते हुए हत्या, अपहरण और दुष्कर्म जैसे मामलों का अलग से चार्ट तैयार करने तथा उनकी नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस और अभियोजन विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर कार्य करें, जिससे गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों को न्यायालय से सजा दिलाई जा सके।
जिलाधिकारी ने आगामी वर्ष को चुनावी वर्ष बताते हुए सभी अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने और अपने-अपने क्षेत्रों में निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मिट्टी के अवैध खनन, अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री तथा मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को जनपद में लगातार सघन जांच अभियान चलाने, खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर उनकी नियमित जांच कराने तथा मिलावट पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं जिला आबकारी अधिकारी को अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन और बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने को कहा। बैठक में जिलाधिकारी ने शीतकालीन भ्रमण कार्यक्रम के तहत अधिकारियों को गांवों का नियमित भ्रमण करने और चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। इसके साथ ही थाना दिवसों में प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता से लेकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित कराया जाए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कानून व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने, नियमित गश्त करने और अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने गंभीर आपराधिक मामलों में विवेचना की गुणवत्ता बनाए रखने तथा अभियोजन अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर न्यायालयों में प्रभावी पैरवी करने पर जोर दिया। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी पुलिस, अभियोजन अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला आबकारी अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला खनन अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, अधिवक्तागण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।










