Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 नवंबर। गुलाल निर्माता फर्म का माल पैकिंग के लिए दिल्ली भेजने के बाद कथित रूप से फर्जी ट्रेडमार्क और कार्टून का इस्तेमाल कर करीब 10 लाख रुपये का गुलाल हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फर्म के पंजीकृत ट्रेडमार्क की नकल कर माल को दूसरे नाम से पैक किया गया और हैदराबाद भेज दिया गया। मामले में पीड़ित फर्म संचालक ने पहले पुलिस अधीक्षक से शिकायत की और कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। आशीर्वाद, बसंतबाग, अलीगढ़ रोड हाथरस निवासी अभिषेक अग्रवाल पुत्र ओमप्रकाश अग्रवाल की ए-314 इंडस्ट्रियल एस्टेट हाथरस में केके इम्पेक्स नाम से फर्म है। प्रार्थना पत्र के अनुसार, उनकी फर्म होली कलर गुलाल, हर्बल गुलाल और औद्योगिक गुलाल का उत्पादन करती है। फर्म का ‘मटका’ और ‘मटका तूफान’ ट्रेडमार्क व्यापार चिह्न अधिनियम, 1999 के तहत पंजीकृत है।

अभिषेक अग्रवाल का आरोप है कि उन्होंने 13 जून को 6,000 किलोग्राम शुद्ध गुलाल पैकिंग कराने के लिए ट्रांसपोर्ट के माध्यम से दिल्ली स्थित मैसर्स केएस कॉर्पोरेशन को भेजा था। इस फर्म की प्रोपराइटर श्रीमती कृष्णा पत्नी पंकज शर्मा बताई गई हैं। निर्धारित समय पर पैकिंग किया हुआ माल वापस नहीं मिलने पर उन्होंने फोन से संपर्क किया, लेकिन कथित तौर पर उन्हें लगातार टालमटोल वाले जवाब दिए गए। बाद में फोन उठाना भी बंद कर दिया गया। आरोप है कि संबंधित लोगों ने अभिषेक अग्रवाल की फर्म के नाम से कथित कूटकृत कार्टून तैयार कर ‘मटका तूफान’ और ‘मटका गुलाल’ के फर्जी स्टीकर लगाए तथा माल को गुरुमीत ट्रेडर्स के माध्यम से हैदराबाद भेज दिया।

प्रार्थना पत्र के मुताबिक, 15 सितंबर 2026 को हैदराबाद के जैसवाल ट्रेडर्स के प्रोपराइटर मनोज जैसवाल ने फोन कर इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कथित तौर पर फर्जी ट्रेडमार्क और पैकिंग से संबंधित तस्वीरें भी व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजीं। इसके बाद अभिषेक अग्रवाल ने 1 अक्टूबर 2026 को पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। मामले में करीब 10 लाख रुपये के गुलाल और पंजीकृत ट्रेडमार्क के कथित दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page