
हाथरस 25 नवंबर। IDBI बैंक के निजीकरण के विरोध में बैंक कर्मचारी संगठनों ने आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। सरकार द्वारा IDBI बैंक को एक निजी विदेशी निवेशक के हाथों बेचने के फैसले के विरोध में अखिल भारतीय स्तर पर AIBEA, AIBOA और BEFI के संयुक्त आह्वान पर 3 दिसंबर को देशव्यापी एकजुटता हड़ताल का निर्णय लिया गया है। इसी आंदोलन के तहत बुधवार, 25 नवंबर को शाम 5:15 बजे अलीगढ़ रोड स्थित IDBI बैंक परिसर में यू.पी. बैंक इम्पलाईज यूनियन (UPBEU) की हाथरस इकाई द्वारा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। प्रदर्शन में जिले के विभिन्न बैंकों के कर्मचारी शामिल होकर निजीकरण की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
यूनियन के जिलामंत्री राजेंद्र सिंह बैंक कर्मचारियों को संबोधित करते हुए आगामी प्रदर्शनों और 3 दिसंबर की हड़ताल में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी करने की अपील करेंगे। वहीं, प्रदर्शन के समापन पर यूपीबीईयू के जिला अध्यक्ष भी कर्मचारियों के समक्ष अपनी बात रखेंगे। बैंक कर्मचारी संगठनों का मानना है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का निजीकरण देश की अर्थव्यवस्था और आम ग्राहकों के हितों के प्रतिकूल है। कर्मचारियों का कहना है कि बैंकिंग व्यवस्था में सार्वजनिक क्षेत्र की भूमिका महत्वपूर्ण है और निजीकरण से आम ग्राहकों के हित प्रभावित हो सकते हैं। निजीकरण के विरोध के साथ ही बैंक कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को भी प्रमुखता से उठाएंगे। इनमें पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करना, पीएलआई (PLI), पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करना और पेंशन अपडेशन जैसी मांगें शामिल हैं। प्रदर्शन में पुष्पांकर जैन, निशांत वार्ष्णेय, पूल चंद यादव, प्रिया रावत, अश्वनी, दीप कुमार, पवित्र, जगमोहन, विनोद, तेजवीर, देवेंद्र, दीपक गर्ग, शरण अमित सहित अन्य बैंक कर्मचारियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।










