Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 नवंबर। जनपद में जनपद स्तरीय स्काउट-गाइड रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा के साथ मां सरस्वती के छविचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने छात्र-छात्राओं और युवाओं को लोकतंत्र में मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विशेष रूप से युवाओं को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र युवा फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य दर्ज कराएं। जिलाधिकारी ने बताया कि 28 एवं 29 नवंबर को विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान पात्र छात्र-छात्राएं एवं अन्य नागरिक अपना मतदाता पंजीकरण अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी को सामूहिक प्रयास करने की आवश्यकता है।

उन्होंने स्काउट-गाइड के विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता की सराहना करते हुए उन्हें मतदाता जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्काउट-गाइड के विद्यार्थी समाज में जागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। विद्यार्थी अपने परिवार, आसपास के लोगों और स्थानीय समुदाय को मतदान के महत्व, मतदाता पंजीकरण तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करें। डीएम ने कहा कि स्काउट-गाइड केवल अनुशासन और सेवा भावना के प्रतीक नहीं हैं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन के सशक्त वाहक भी हैं। विद्यार्थी अपनी ऊर्जा, उत्साह और सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से मतदाता जागरूकता अभियान को जन आंदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थित शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं को मतदाता जागरूकता की शपथ दिलाई। इसके बाद जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल, पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा, जिला विद्यालय निरीक्षक एवं उप जिलाधिकारी हाथरस ने संयुक्त रूप से मतदाता जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल छात्र-छात्राओं ने मतदाता जागरूकता से संबंधित नारों और संदेशों के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। विद्यार्थियों ने लोकतंत्र में मतदान की महत्ता, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान तथा प्रत्येक पात्र नागरिक के मतदाता बनने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page