मथुरा 25 नवंबर। केडी विश्वविद्यालय के चिकित्सा शिक्षा संस्थान केडी मेडिकल कॉलेज-हॉस्पिटल एण्ड रिसर्च सेंटर में आयोजित फ्रेशर्स पार्टी ‘सेलेस्टिया-2026’ में नवप्रवेशी एमबीबीएस विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के साथ अनुशासन, समर्पण और मानवीय मूल्यों का महत्व भी समझाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, सीईओ अरुण अग्रवाल, डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर, डॉ. बी.पी. पांडेय, डॉ. अम्बरीश कुमार तथा डॉ. अमनजोत कौर चौहान ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में अच्छे चिकित्सक बनकर समाज और मानवता की सेवा करने का आह्वान किया।
प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल ने अपने संदेश में कहा कि चिकित्सा का पेशा केवल डिग्री हासिल करने या आजीविका कमाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मानवता की सेवा करने का सबसे महत्वपूर्ण अवसर है। एक अच्छे चिकित्सक की पहचान उसके ज्ञान के साथ-साथ संवेदनशीलता, करुणा और मरीजों के प्रति समर्पण से होती है। सीईओ अरुण अग्रवाल ने विद्यार्थियों को अनुशासन और समयबद्धता का महत्व समझाते हुए कहा कि चिकित्सा शिक्षा में नियमित अध्ययन, कठिन परिश्रम और निरंतर अभ्यास बेहद जरूरी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान की गरिमा बनाए रखते हुए अपने लक्ष्य के प्रति पूरी निष्ठा से आगे बढ़ने का आह्वान किया।
डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका ने कहा कि एक सफल डॉक्टर बनने के लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक दक्षता और मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार भी जरूरी है। विद्यार्थियों को चिकित्सा क्षेत्र की चुनौतियों के लिए अभी से स्वयं को तैयार करना चाहिए। उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर ने कहा कि मेडिकल की पढ़ाई धैर्य, निरंतरता और समर्पण की मांग करती है। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ टीम भावना, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच को भी जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। डॉ. बी.पी. पांडेय ने विद्यार्थियों को चिकित्सा पेशे की गरिमा और जिम्मेदारियों से परिचित कराते हुए कहा कि डॉक्टर का प्रत्येक निर्णय किसी के जीवन से जुड़ा होता है। इसलिए चिकित्सा क्षेत्र में ईमानदारी, नैतिकता और सेवा भावना सर्वोपरि होनी चाहिए।
फ्रेशर्स पार्टी में 2026 बैच के छात्र-छात्राओं ने अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगा दिए। रंग-बिरंगी रोशनी और खुशनुमा माहौल के बीच विद्यार्थियों ने मनमोहक नृत्य, मधुर गीत-संगीत, आकर्षक समूह नृत्य और अन्य मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी कला एवं प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बॉलीवुड गीतों की धुन पर थिरकते कदमों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया तो एकल नृत्य और गायन की प्रस्तुतियों ने भी खूब तालियां बटोरीं। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, मंचीय कौशल और उमंग से भरपूर अंदाज ने समारोह को यादगार बना दिया। वरिष्ठ विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भी नवागंतुकों की प्रस्तुतियों का उत्साहपूर्वक आनंद लिया तथा उनका हौसला बढ़ाया।
समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के बीच निर्णायकों ने प्रतिभागियों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, प्रस्तुति और प्रतिभा का आकलन करने के बाद मिस फ्रेशर्स और मिस्टर फ्रेशर्स के नामों की घोषणा की। विजेताओं को तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सम्मानित किया गया। फ्रेशर्स पार्टी ‘सेलेस्टिया-2026’ में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसमें मिस टैलेंट का खिताब दिया को, मिस फ्रेशर का खिताब कमाक्षी को तथा मिस इवनिंग का खिताब वैभवी को प्रदान किया गया। वहीं, मिस्टर फ्रेशर का खिताब आदित्य सिंह, मिस्टर टैलेंट का खिताब निश्चल तथा मिस्टर इवनिंग का खिताब कविन लता ने अपने नाम किया।
अतिथियों ने सभी विजेताओं को सम्मानित कर उनकी प्रतिभा और आकर्षक प्रस्तुतियों की सराहना की। छात्र-छात्राओं का प्रोत्साहन और उत्साहवर्धन केडी मेडिकल कॉलेज के सभी विभागाध्यक्षों तथा प्राध्यापकों ने किया। अंत में कार्यक्रम की समन्वयक डॉ. अमनजोत कौर चौहान और डॉ. अभि भूषण मिश्रा ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया।










