सिकंदराराऊ 25 नवंबर। मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ग्राम अगसौली स्थित नवोदय विद्यालय के निकट कासगंज की ओर से आ रही इको कार ने सामने से आ रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर इको कार के शीशे से जा टकराया और फिर सड़क पर गिर पड़ा। हादसे में युवक के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उसका एक पैर एड़ी के पास से कटकर अलग हो गया। गंभीर चोटों के चलते उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है और वह जलेसर का निवासी था। मंगलवार देर रात करीब एक बजे वह स्प्लेंडर मोटरसाइकिल से कासगंज की ओर से जा रहा था। जैसे ही वह सिकंदराराऊ क्षेत्र के ग्राम अगसौली स्थित नवोदय विद्यालय के निकट पहुंचा, तभी सामने से आ रही इको कार ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक उछलकर कार के अगले शीशे से जा टकराया और सड़क पर जा गिरा। हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट लगी। वहीं, टक्कर के कारण उसका एक पैर एड़ी के पास से बुरी तरह कट गया और पैर का हिस्सा शरीर से अलग हो गया। गंभीर चोटों के चलते युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद इको कार भी मौके पर रुक गई। कार में सवार लोग अचानक हुए इस भीषण हादसे से घबरा गए। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदराराऊ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने इको कार और उसमें सवार लोगों के संबंध में जानकारी जुटाते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










