Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 25 नवंबर। सादाबाद क्षेत्र में दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल नहीं मिलने पर शादी समारोह में जमकर हंगामा हो गया। जयमाला की रस्म पूरी होने के बाद दूल्हे ने बुलेट की मांग कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर विवाद इतना बढ़ गया कि दूल्हे ने अपनी होने वाली पत्नी और उसके पिता को थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस दूल्हे को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। आखिरकार बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। वहीं, दुल्हन ने दूल्हे पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का भी आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार, सादाबाद क्षेत्र के गांव नगला तासी निवासी एक युवती का विवाह 21 नवंबर को सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र निवासी एक युवक के साथ हुआ था। दोनों परिवारों के बीच पहले से ही विवाह तय था। सामूहिक विवाह कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दुल्हन के पिता ने दूल्हे पक्ष से गांव में बारात लेकर आने और उसके बाद ही बेटी की विदाई करने की बात कही थी।

तय कार्यक्रम के अनुसार, 22 नवंबर को दूल्हा बारात लेकर गांव नगला तासी पहुंचा। बारात का स्वागत किया गया और अन्य मांगलिक कार्यक्रमों के बाद जयमाला की रस्म भी संपन्न हो गई। आरोप है कि इसी दौरान दूल्हे ने अपने होने वाले ससुर से दहेज में तय की गई बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर दी। मोटरसाइकिल नहीं मिलने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दूल्हा उग्र हो गया और उसने दुल्हन तथा उसके पिता को थप्पड़ मार दिए। दूल्हे की इस हरकत के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। परिवार के बुजुर्गों ने बातचीत के जरिए मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद शांत नहीं हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। उधर, दुल्हन अपने परिवार की महिलाओं के साथ थाने पहुंच गई और मामले को लेकर हंगामा किया। दुल्हन ने दहेज की मांग के साथ ही दूल्हे पर छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं। काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिश होती रही, लेकिन सोमवार शाम तक भी सहमति नहीं बन सकी। अंततः शादी टूट गई और बारात को बिना दुल्हन के ही वापस लौटना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page