सिकन्दराराऊ (हसायन) 23 नवंबर।।कोतवाली क्षेत्र के कस्बा में विभिन्न जगहों पर अवैध रूप से संचालित आरा मशीनों के संचालन कर्ताओं पर क्षेत्रीय वन विभाग की टीम के द्वारा छह में से सिर्फ चार आरा मशीन संचालकों के खिलाफ ही कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई गई है। आरोप है कि संबंधित संचालक पूर्व में कानूनी कार्रवाई कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद बिना वैध अनुमति के आरा मशीनों का संचालन कर रहे हैं।वन विभाग ने अवैध रूप से संचालित मशीनों को तत्काल बंद कराने तथा संचालक आरोपियों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।वन विभाग सिकंदराराऊ रेंज के अलीहसन सेक्शन फॉरेस्ट ऑफिसर ने कोतवाली हसायन में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि पन्द्रह नवंबर 2026 को प्राप्त सूचना के आधार पर क्षेत्रीय वनाधिकारी सिकंदराराऊ मुकेश यादव ने वन विभाग की टीम के साथ हसायन क्षेत्र के अण्डौली चौराहे के पास संचालित आरा मशीनों की जांच पडताल की।जांच के दौरान पाया गया कि कस्बा के कुछ व्यक्तियों के द्वारा अपनी निजी भूमि पर बिना वन विभाग की वैध अनुमति प्राप्त किए ही बिना लाइसेंस के आरा मशीनों का संचालन किया जा रहा है।रिपोर्ट के अनुसार अवैध रूप से आरा मशीन संचालित करने के आरोप में विनोद कुमार पुत्र राम यादव निवासी भरतपुर रोड हसायन धर्मेंद्र यादव पुत्र चंद्रपाल यादव निवासी अण्डौली रोड हसायन राजेश यादव पुत्र नत्थू सिंह यादव निवासी अण्डौली रोड हसायन तथा बच्चू सिंह पुत्र छत्रपाल सिंह निवासी अण्डौली रोड हसायन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।वन विभाग की रिपोर्ट में उल्लेख किया गया है कि उक्त संचालकों के खिलाफ पूर्व में भी अवैध आरा मशीन संचालन के संबंध में एफआईआर संख्या 0175 दिनांक 16 सितंबर 2026 को थाना हसायन में भी दर्ज कराई गई थी।इसके बावजूद अवैध संचालन बंद नहीं किया गया और दोबारा बिना वैध अनुमति के आरा मशीनें संचालित की जा रही हैं।
वन विभाग ने इसे पूर्व की कानूनी कार्रवाई की अनदेखी बताते हुए नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है। रिपोर्ट में उक्त गतिविधियों को उत्तर प्रदेश आरा मशीन स्थापना एवं विनियम नियमावली 1978 की धारा 3 तथा भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 77 के तहत दंडनीय बताते हुए संबंधित संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। पूर्व कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रहा अवैध संचालन हसायन कस्बे में अवैध आरा मशीनों के संचालन को लेकर वन विभाग की कार्रवाई पर भी सवाल उठ रहे हैं। पूर्व में वन विभाग द्वारा पांच अवैध आरा मशीन संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जबकि वर्तमान रिपोर्ट में चार संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।स्थानीय स्तर पर सामने आई जानकारी के अनुसार, हसायन कस्बे में दो आरा मशीन लाइसेंस के आधार पर संचालित हैं, जबकि छह आरा मशीनों के अवैध रूप से संचालन का आरोप है। वहीं, लाइसेंसधारी आरा मशीनों पर भी निर्धारित मानकों के पालन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।आरोप है कि प्रतिबंधित प्रजाति की हरी लकड़ी की खरीद कर धड़ल्ले से चिराई की जा रही है।अवैध आरा मशीनों के संचालन को लेकर वन विभाग द्वारा समय-समय पर एफआईआर और कार्रवाई किए जाने के बावजूद इन गतिविधियों पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। ऐसे में वन विभाग की लगातार कार्रवाई के बाद भी अवैध आरा मशीनों का संचालन जारी रहना विभागीय निगरानी और कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रहा है।









