Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 21 नवंबर। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अपंजीकृत क्लीनिकों और पैथोलॉजी लैब के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कस्बे में विभिन्न चिकित्सा संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और पंजीकरण संबंधी अभिलेखों की जांच की। इस दौरान तीन चिकित्सा संस्थानों में अनियमितताएं सामने आईं। संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर एसीएमओ डॉ. राजीव गुप्ता ने सबसे पहले बस स्टैंड स्थित पैथोलॉजी का निरीक्षण किया। जांच में पता चला कि पैथोलॉजी का पंजीकरण मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में है, लेकिन निरीक्षण के समय वहां चिकित्सक उपस्थित नहीं मिले। इस पर विभागीय अधिकारी ने नाराजगी जताते हुए नोटिस जारी किया है और निर्धारित समय में स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने साईं साक्षी हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। स्वास्थ्य विभाग की टीम जब अस्पताल पहुंची तो वह बंद मिला। अधिकारियों ने अस्पताल के बाहर नोटिस चस्पा कर आवश्यक स्पष्टीकरण मांगा है। वही सुपर स्पेशलिटी डेंटल क्लीनिक की जांच में क्लीनिक बिना पंजीकरण के संचालित होता मिला। निरीक्षण के समय डॉक्टर भी मौजूद नहीं थे। अधिकारियों ने दूरभाष पर संपर्क किया तो बताया गया कि पंजीकरण के लिए आवेदन किया गया है, लेकिन इसके समर्थन में कोई दस्तावेज या साक्ष्य उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इस पर विभाग की ओर से नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे चिकित्सा प्रतिष्ठानों के संचालकों में खलबली मची हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीजों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page