Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 21 नवंबर। शादियों के सीजन में दूल्हे को फूलों और नोटों की माला पहने तो आपने खूब देखा होगा, लेकिन सुरीर क्षेत्र के गांव नगला फोंदा में शनिवार को निकली एक घुड़चढ़ी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक जीजा ने अपने दोनों सालों पर ऐसा प्यार लुटाया कि घुड़चढ़ी में शामिल लोग देखते रह गए। जीजा ने दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों से बनी विशालकाय माला पहनाई। इस अनोखे शाही अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, गांव नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली जा रही थी। दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस निवासी युवतियों के साथ होनी है। इसी दौरान उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर निवासी गांव नंदोला, कामां (राजस्थान) ने अपने सालों को खास तोहफा देने का फैसला किया। उन्होंने दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपये के 500-500 रुपये के नोटों से तैयार विशालकाय मालाएं पहनाईं।

बताया जा रहा है कि प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी थी। मालाओं की लंबाई और वजन इतना अधिक था कि उन्हें संभालने के लिए कई लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। छत पर खड़े होकर दोनों दूल्हों को ये मालाएं पहनाई गईं। घुड़चढ़ी में मौजूद लोगों के लिए यह नजारा किसी शाही आयोजन से कम नहीं था। ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।

बताया जाता है कि दोनों दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे हैं। जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर के इस अनोखे अंदाज की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। वहीं, करोड़ों रुपये की नोटों की मालाओं वाली इस घुड़चढ़ी का वीडियो सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page