सासनी 21 नवंबर। नेशनल इंटीग्रेटेड मेडिकल एसोसिएशन (नीमा) की जिला हाथरस शाखा का वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव में डॉ. वीरेंद्र कुमार को निर्विरोध अध्यक्ष, डॉ. धर्मेंद्र को सचिव तथा डॉ. अखिलेश को कोषाध्यक्ष चुना गया। चुनाव अधिकारी डॉ. लोकेश शर्मा ने चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की आधिकारिक घोषणा की। चुनाव अधिकारी डॉ. लोकेश शर्मा ने बताया कि अध्यक्ष पद के लिए डॉ. वीरेंद्र कुमार और डॉ. सुनीता ने नामांकन पत्र खरीदे थे। नामांकन पत्रों की जांच के दौरान डॉ. सुनीता के पर्चे में त्रुटियां पाए जाने पर उसे निरस्त कर दिया गया, जिसके बाद डॉ. वीरेंद्र कुमार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।
इसी प्रकार सचिव पद के लिए डॉ. चंद्र प्रकाश और डॉ. धर्मेंद्र ने नामांकन दाखिल किया था। जांच के दौरान डॉ. चंद्र प्रकाश का नामांकन अपूर्ण एवं त्रुटिपूर्ण पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया, जबकि डॉ. धर्मेंद्र का नामांकन सही पाए जाने के बाद उन्हें निर्विरोध सचिव घोषित किया गया। वहीं, कोषाध्यक्ष पद के लिए डॉ. अखिलेश ने एकमात्र नामांकन दाखिल किया था। उन्हें उपस्थित सदस्यों की सर्वसम्मति से कोषाध्यक्ष चुना गया। चुनाव संपन्न होने के बाद एसोसिएशन के सदस्यों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाएं पहनाकर स्वागत किया और उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने संगठन की एकजुटता और मजबूती के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।










