Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 21 नवंबर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से केडी विश्वविद्यालय में ‘सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा’ थीम पर सड़क सुरक्षा पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसके तहत विश्वविद्यालय में जागरूकता अभियान और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को यह समझाना है कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी किसी के जीवन पर भारी पड़ सकती है, जबकि यातायात नियमों का पालन करके अनेक दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के प्रो-चांसलर मनोज अग्रवाल, कुलपति डॉ. मनेष लाहौरी, केडी मेडिकल कॉलेज के डीन एवं प्राचार्य डॉ. आर.के. अशोका, उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर तथा कुलसचिव डॉ. विकास कुमार अग्रवाल ने मेडिकल छात्र-छात्राओं और कर्मचारियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने सड़क सुरक्षा को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों ने अपने सम्बोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा का विषय प्रत्येक नागरिक के जीवन से जुड़ा हुआ है। वाहन चलाते समय थोड़ी सी असावधानी न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के लिए भी गंभीर खतरा बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदार और संवेदनशील होना जरूरी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने को अनिवार्य आदत बनाने पर जोर दिया। साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और नशे की हालत में कभी भी वाहन नहीं चलाने की अपील की। कार्यक्रम में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान घायलों की मदद करने के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना के समय घायल व्यक्ति को समय पर सहायता और चिकित्सा सुविधा मिलना बेहद महत्वपूर्ण होता है। कई बार लोगों की थोड़ी सी तत्परता किसी की जान बचा सकती है। इसलिए दुर्घटना देखकर वहां से गुजरने के बजाय घायलों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। विद्यार्थियों को भी इस दिशा में सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

उप-प्राचार्या डॉ. गगनदीप कौर ने बताया कि 30 नवम्बर तक चलने वाले सड़क सुरक्षा पखवाड़े में जागरूकता से जुड़ी अनेक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता, क्विज, नुक्कड़ नाटक और सेमिनार प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को रचनात्मक तरीके से सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी जाएगी। पोस्टर और नुक्कड़ नाटकों के जरिए यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाले नुकसान तथा सुरक्षित वाहन संचालन के महत्व को प्रदर्शित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यातायात सुरक्षा पखवाड़े के दौरान स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य और आंखों की सही स्थिति के प्रति जागरूक किया जाएगा। वाहन चलाते समय अच्छी दृष्टि और बेहतर स्वास्थ्य का विशेष महत्व होता है। ऐसे में नेत्र परीक्षण के जरिए लोगों को अपनी आंखों की नियमित जांच कराने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता केवल एक पखवाड़े तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक व्यक्ति की जीवनशैली और व्यवहार का हिस्सा बनाना आवश्यक है। विद्यार्थियों और युवाओं के माध्यम से इस संदेश को परिवारों और समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि सुरक्षित यातायात की संस्कृति विकसित हो और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page