हाथरस (मुरसान) 20 नवंबर। नगला बाबू गांव के पास एक मैरिज होम में सगाई समारोह के दौरान फायरिंग के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में कांति और नीरज घायल हुए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। घटना बृहस्पतिवार देर शाम की है। नगला बाबू निवासी रमेशचंद्र के बेटे विकास का सगाई समारोह चल रहा था। समारोह में रिश्तेदार और ग्रामीण मौजूद थे। आरोप है कि तीन युवक मैरिज होम पहुंचे और गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देने लगे।
इसके बाद एक युवक ने कपिल से गोली चलाने को कहा और दूसरे ने तमंचे से फायर किया। गोली गांव के कांति पुत्र गोपाल पर चलाई गई, लेकिन वे बच गए। आरोपियों ने मारपीट की, जिसमें कांति और नीरज घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया। उनके पास से तमंचा और कारतूस मिले। भीड़ ने आरोपियों के साथ मारपीट भी की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तीनों को हिरासत में लिया। दूल्हे की बहन बिनेश पुत्री रमेशचंद्र निवासी नगला बाबू की शिकायत पर पुलिस ने कपिल पुत्र विनोद कुमार, कान्हा नागर पुत्र सतीश कुमार निवासी बमनई और ओमवीर पुत्र चंद्रवीर निवासी बैरीसाला के खिलाफ जानलेवा हमले समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया। मुरसान कोतवाली प्रभारी मोनवीर सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला है। आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।










