
हाथरस 20 नवंबर। परिवहन विभाग के सारथी पोर्टल में पिछले करीब 10 दिनों से तकनीकी खराबी के चलते ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों के मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे हैं। इससे परेशान आवेदकों ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल में हंगामा किया। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने पहुंचे, लेकिन ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण उन्हें मायूस होकर वापस लौटना पड़ा। नियमानुसार 40 वर्ष से अधिक आयु के आवेदकों, ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण कराने वालों और कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वालों के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र (फॉर्म 1-ए) अनिवार्य है। आवेदकों का कहना है कि पोर्टल में तकनीकी खराबी के कारण वे पिछले कई दिनों से जिला अस्पताल के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
शाहपुर निवासी फूल सिंह ने बताया कि वह पिछले 10 दिनों से मेडिकल प्रमाणपत्र बनवाने के लिए परेशान हो रहे हैं। बृहस्पतिवार को अस्पताल आते समय उनकी बाइक भी फिसल गई, जिससे उन्हें चोट लग गई। आवेदकों के अनुसार पोर्टल पर फोटो का मिलान नहीं होने की समस्या सामने आ रही है, जिसके चलते प्रमाणपत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पा रही है। वहीं, जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. सूर्यप्रकाश ने बताया कि पोर्टल में तकनीकी दिक्कत के कारण मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र जारी करने में परेशानी आ रही है। इस संबंध में एआरटीओ कार्यालय से बात की गई है। जल्द ही समस्या दूर कराने का प्रयास किया जाएगा।










