Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 20 नवंबर। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित मतदाता हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं एवं मतदाताओं को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने, नाम विलोपित कराने तथा दर्ज विवरण में संशोधन कराने के लिए आने वाले नागरिकों को आवश्यक जानकारी और सहयोग तत्परता से उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए तथा मतदाता संबंधी समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत ऐसे पात्र नागरिक, जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है अथवा जो 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी कर रहे हैं और जिनका नाम विधानसभा निर्वाचक नामावली में दर्ज नहीं है, वे प्रारूप-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जनपद में चार विशेष कैम्प दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों सभी बूथ लेवल अधिकारी (BLO) ड्राफ्ट मतदाता सूची के साथ अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे। विशेष कैम्प दिवसों का विवरण इस प्रकार है—

  • 21 नवंबर 2026 (शनिवार)
  • 22 नवंबर 2026 (रविवार)
  • 28 नवंबर 2026 (शनिवार)
  • 29 नवंबर 2026 (रविवार)

इन विशेष कैम्प दिवसों पर नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का नाम जांच सकते हैं तथा आवश्यकतानुसार आवेदन कर सकते हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नया नाम शामिल कराने के लिए प्रारूप-6, अपात्र अथवा मृतक मतदाता का नाम हटवाने के लिए प्रारूप-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन अथवा अन्य आवश्यक परिवर्तन कराने के लिए प्रारूप-8 भरकर आवेदन किया जा सकता है।

उन्होंने विशेष रूप से युवाओं एवं पहली बार मतदाता बनने के लिए पात्र नागरिकों से अपील की कि वे लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं पारदर्शिता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसलिए सभी नागरिक विशेष कैम्प दिवसों का लाभ उठाएं और अपने परिवार तथा आसपास के पात्र लोगों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए जागरूक करें। मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक जिला निर्वाचन कार्यालय में स्थापित मतदाता हेल्प डेस्क, टोल फ्री नंबर 1950 तथा जिला संपर्क केंद्र के दूरभाष नंबर 05722-297083 पर संपर्क कर सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page