Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सासनी 19 नवंबर। तहसील मुख्यालय होने के बावजूद सासनी को अब तक स्वतंत्र पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) सर्किल का दर्जा नहीं मिल सका है। इस मांग को लेकर एक बार फिर प्रयास तेज हो गए हैं। क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मंत्री एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी यतेन्द्र शर्मा ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण से मुलाकात कर सासनी में अलग सीओ सर्किल बनाए जाने की मांग प्रमुखता से उठाई। मुलाकात के दौरान यतेन्द्र शर्मा ने डीजीपी को बताया कि सासनी एक प्रमुख तहसील मुख्यालय है, जिसके अंतर्गत बड़ा ग्रामीण और शहरी क्षेत्र आता है। भौगोलिक दृष्टि से भी यह क्षेत्र काफी महत्वपूर्ण है। सासनी सीधे आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ा होने के कारण यहां यातायात का दबाव भी अधिक रहता है। इसके बावजूद सासनी कोतवाली का क्षेत्र वर्तमान में हाथरस सदर सीओ सर्किल के अधीन है।

उन्होंने कहा कि जिला मुख्यालय से दूरी अधिक होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं, आपातकालीन परिस्थितियों और कानून-व्यवस्था से जुड़ी घटनाओं में पुलिस अधिकारियों को मौके पर पहुंचने में अतिरिक्त समय लग सकता है। वहीं, स्थानीय लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान और पुलिस संबंधी कार्यों के लिए जिला मुख्यालय तक जाना पड़ता है। इससे आमजन को अनावश्यक समय और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। यतेन्द्र शर्मा ने डीजीपी से जनहित और प्रशासनिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सासनी में स्वतंत्र सीओ सर्किल का गठन किए जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि अलग सीओ सर्किल बनने से पुलिस व्यवस्था अधिक प्रभावी होगी, अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी और क्षेत्र की कानून-व्यवस्था पर बेहतर निगरानी रखी जा सकेगी। इसके साथ ही आमजन को पुलिस अधिकारियों तक आसानी से पहुंचने का अवसर मिलेगा और पुलिस-जनता के बीच संवाद भी मजबूत होगा।

इस पर डीजीपी राजीव कृष्ण ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक रुख अपनाया और आवश्यक कार्रवाई एवं प्रस्ताव का परीक्षण कराने का आश्वासन दिया। जानकारी के अनुसार, सासनी में नए सीओ सर्किल के गठन को लेकर जिले की ओर से प्रस्ताव भी भेजा जा चुका है। ऐसे में अब क्षेत्रीय लोगों को इस मांग पर शासन स्तर से सकारात्मक निर्णय होने की उम्मीद जगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page