Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 नवंबर। जिले में मथुरा-कासगंज रेलवे ट्रैक पर गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हो गया। मालगाड़ी की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक के शव के टुकड़े रेलवे ट्रैक पर बिखर गए। घटना के बाद मालगाड़ी को रोकना पड़ा, जिसके चलते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के मुताबिक, हादसा कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में बिजली कॉटन मिल रेलवे फाटक के निकट हुआ। बताया जा रहा है कि मथुरा से कासगंज की ओर जा रही मालगाड़ी के सामने रेलवे लाइन पार करते समय एक अज्ञात व्यक्ति आ गया। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मालगाड़ी के चालक ने ट्रेन रोककर तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी। जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंच गए।

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। पुलिस ने शव के क्षत-विक्षत हिस्सों को एकत्र कर कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस उसकी शिनाख्त कराने में जुटी हुई है। वहीं, हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी खड़ी होने के कारण शहर की दो रेलवे क्रॉसिंग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इससे यातायात प्रभावित हुआ और दोनों क्रॉसिंग के आसपास जाम जैसे हालात बन गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page