Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 19 नवंबर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशों एवं जनपद न्यायाधीश विनय कुमार-तृतीय के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल में संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सूरज मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया और मौलिक अधिकारों एवं नागरिक कर्तव्यों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सूरज मिश्रा ने संविधान निर्माण, संविधान निर्माताओं के योगदान, प्रस्तावना, मौलिक अधिकार, संवैधानिक उपचार, राज्य के नीति निदेशक तत्व और मौलिक कर्तव्यों जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि संविधान सभा के सदस्यों ने 2 वर्ष, 11 महीने और 18 दिन के अथक परिश्रम के बाद देश को दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान प्रदान किया। उन्होंने संविधान की प्रस्तावना को संविधान की आत्मा और कुंजी बताते हुए कहा कि इसमें भारत को संप्रभु, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता और समता सुनिश्चित करने का संकल्प निहित है।

विद्यार्थियों को संविधान में दिए गए छह मौलिक अधिकारों के बारे में जानकारी देते हुए समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, शोषण के विरुद्ध अधिकार, धार्मिक स्वतंत्रता का अधिकार, संस्कृति एवं शिक्षा संबंधी अधिकार तथा संवैधानिक उपचार के अधिकार की विस्तार से व्याख्या की गई। इसके साथ ही अनुच्छेद 32 और 226 के महत्व को समझाते हुए बताया गया कि मौलिक अधिकारों का हनन होने पर नागरिक सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय की शरण ले सकते हैं। न्यायालय बंदी प्रत्यक्षीकरण और परमादेश जैसी रिट जारी कर नागरिकों के अधिकारों की रक्षा कर सकते हैं। कार्यक्रम में राज्य के नीति निदेशक तत्वों और मौलिक कर्तव्यों पर भी प्रकाश डाला गया। विद्यार्थियों को बताया गया कि नीति निदेशक तत्व सरकार को जनकल्याणकारी नीतियां बनाने की दिशा प्रदान करते हैं, जबकि संविधान के अनुच्छेद 51ए में उल्लेखित 11 मौलिक कर्तव्य प्रत्येक नागरिक को देश की एकता, अखंडता और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाते हैं। इस दौरान बताया गया कि अधिकार और कर्तव्य एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और प्रत्येक नागरिक को दोनों के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस ऋतुराज सिंह ने भी उपस्थित छात्र-छात्राओं को संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। विद्यालय की प्राचार्या विद्या प्रतीक बर्तके ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए कहा कि भारतीय संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक करता है। प्रत्येक नागरिक को संविधान का सम्मान करते हुए उसका पालन करना चाहिए। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पराविधिक स्वयंसेवक साहब सिंह एवं यज्ञदत्त शर्मा सहित विद्यालय के शिक्षकगण और स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, विधिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page