Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सिकन्दराराऊ 18 नवंबर। ग्राम असोई स्थित प्लास्टिक दाना बनाने की फैक्ट्री में गत रात्रि 10 से 12 अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोलकर जमकर लूटपाट की। बदमाशों ने फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों को तमंचे दिखाकर धमकाया और लोहे के पाइप व सरिया से मारपीट कर रस्सियों से बांधकर बंधक बना लिया। इसके बाद करीब चार घंटे तक बदमाश बेखौफ होकर फैक्ट्री में लूटपाट करते रहे। घटना में कर्मचारियों से नकदी लूटने के साथ ही फैक्ट्री के 400 केवीए के निजी ट्रांसफार्मर को खोलकर उसका कीमती कॉपर, तेल और अन्य उपकरण भी लूट लिए गए। प्रार्थना पत्र के अनुसार, बदमाशों ने सबसे पहले फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरों की डिवाइस और वायरिंग निकालकर निगरानी व्यवस्था ठप कर दी। इसके बाद फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारी मोहम्मद अबरार और विनोद को अपने कब्जे में ले लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने दोनों के साथ लोहे के पाइप और सरिया से मारपीट की। अबरार के हाथ पर लोहे के पाइप से वार किया गया, जबकि विनोद के सिर पर सरिया से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों कर्मचारियों को रस्सियों से बांधकर एक कमरे में डाल दिया गया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

बदमाश मोहम्मद अबरार की जेब से 20 हजार रुपये और कर्मचारी विनोद से 4,639 रुपये लूट ले गए। इसके बाद बदमाशों ने फैक्ट्री में लगे 400 केवीए के निजी ट्रांसफार्मर को खोलना शुरू कर दिया और उसमें से कीमती कॉपर, तेल तथा अन्य उपकरण निकालकर अपने साथ ले गए। प्रार्थना पत्र के मुताबिक, बदमाशों ने रात करीब 12 बजे से तड़के 3:30 बजे तक वारदात को अंजाम दिया और इसके बाद मौके से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद कर्मचारियों ने किसी तरह अपने बंधन खोले और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल कर्मचारियों को उपचार के लिए भेजा गया। घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज में कुछ बदमाशों के कैद होने की बात भी सामने आई है, हालांकि वारदात के दौरान सभी बदमाशों ने अपने चेहरे ढक रखे थे।

बताया जा रहा है कि उक्त फैक्ट्री में कुछ वर्षों के भीतर लूटपाट की यह तीसरी घटना है। पूर्व में भी वारदातों के संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, लेकिन बदमाशों का खुलासा नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली और फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार हो रही घटनाओं से फैक्ट्री संचालकों और कर्मचारियों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बदमाशों की पहचान करने, उनकी गिरफ्तारी और लूटे गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page