
हाथरस 17 नवंबर। हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला नंदू में घर में घुसकर एक महिला के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने महिला को डंडे से पीटा, जिससे उसका हाथ टूट गया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव नगला नंदू निवासी रानी देवी पत्नी लाल बहादुर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपनी बीमार सास को दवा खिला रही थीं। इसी दौरान दोपहर के समय विष्णु और शिवा पुत्रगण गिर्राज किशोर तथा गिर्राज पुत्र रामजीलाल निवासी गांव जटोई, थाना मुरसान उनके घर में घुस आए। पीड़िता के अनुसार, तीनों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विष्णु ने हाथ में डंडा लेकर उनकी पिटाई कर दी। डंडे की चोट से उनका हाथ टूट गया। शोर सुनकर उनके पति लाल बहादुर, अजय और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और बीच-बचाव कर झगड़ा शांत कराया। आरोप है कि जाते समय हमलावर महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।






