
हाथरस 17 नवंबर। जिले में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन एवं अधूरी परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने कार्यदायी संस्थाओं को सख्त निर्देश दिए हैं। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में अनावश्यक देरी या लापरवाही मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था की जिम्मेदारी तय की जाएगी और नियमानुसार पेनल्टी लगाने के साथ आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी। बैठक में जिलाधिकारी ने जिले में 50 लाख रुपये से अधिक लागत की निर्माणाधीन परियोजनाओं, उनमें कराए जा रहे कार्यों और उनकी भौतिक प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मैनपावर लगाकर शेष निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते उसका समाधान कराया जा सके।
डीएम ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना शुरू होने से लेकर उसके पूर्ण होने तक समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण और सत्यापन करते रहें। परियोजना पूरी होने के बाद हस्तांतरण से पहले कराए गए निर्माण कार्यों का स्वीकृत कार्ययोजना से मिलान अवश्य किया जाए, जिससे हैंडओवर के बाद किसी तरह की समस्या सामने न आए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्माण कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने को कहा। उन्होंने विद्युत विभाग से जुड़े लंबित मामलों का समय से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा सभी परियोजनाओं की अद्यतन प्रगति सीएमआईएस पोर्टल पर समय से अपलोड करने को कहा। बैठक में जिला विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, जिला सूचना अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला स्पोर्ट्स अधिकारी, अधिशासी अभियंता जल निगम सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रभारी मौजूद रहे।









