Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 नवंबर। पीसी बागला महाविद्यालय, बीएड प्रथम सेमेस्टर (सत्र 2026-28) के विद्यार्थियों के लिए आयोजित पांच दिवसीय योग शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को विद्यार्थियों ने उत्साह और सक्रियता के साथ योगाभ्यास किया। 16 से 20 नवंबर तक आयोजित इस शिविर का संचालन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. महावीर सिंह छोंकर के निर्देशन में किया जा रहा है। शिविर के दूसरे दिन योग प्रशिक्षक डॉ. सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया। इस दौरान सूर्य नमस्कार की 12 अवस्थाओं का विशेष अभ्यास कराया गया तथा प्रत्येक अवस्था के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी दी गई।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को ताड़ासन, वज्रासन, अर्ध उष्ट्रासन, उष्ट्रासन एवं त्रिकोणासन का अभ्यास कराया गया। प्राणायाम सत्र में कपालभाति, अनुलोम-विलोम और ध्यान की विभिन्न विधियों का प्रशिक्षण दिया गया। योग प्रशिक्षक ने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक लचीलापन, मानसिक एकाग्रता, आत्मानुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर डॉ. विमलेश, डॉ. निखिल मिश्रा, डॉ. विनय वर्मा एवं डॉ. अनीता शर्मा का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा। शिविर का संयोजन योग शिक्षिका एवं शिविर संयोजक डॉ. दीपा ग्रोवर द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिविर की सभी गतिविधियों में नियमित एवं अनुशासित रूप से सहभागिता करने के लिए प्रेरित किया।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. महावीर सिंह छोंकर ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक महत्वपूर्ण जीवनशैली है। विद्यार्थियों को योग एवं प्राणायाम को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। शिविर के दूसरे दिन भी विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ योग की विभिन्न क्रियाओं में सहभागिता की। पांच दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page