Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 नवंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर जनपद में मतदाता जागरूकता एवं सहभागिता (स्वीप) कार्यक्रम के तहत विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया समझाते हुए लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत एम.आई. इंटर कॉलेज सिकंदराराऊ, जनता आदर्श इंटर कॉलेज रुहेरी, महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज सुजावलपुर तथा एम.एल. इंटर कॉलेज सहपऊ में प्रधानाचार्यों ने प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को मतदाता बनने की पात्रता एवं पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि जिनकी आयु 18 वर्ष पूर्ण हो चुकी है और अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म संख्या-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। साथ ही विद्यार्थियों से अपने परिवार के ऐसे भाई-बहनों एवं अन्य पात्र सदस्यों को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की गई, जिनकी आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है।

महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज सुजावलपुर में पात्र विद्यार्थियों को फॉर्म संख्या-6 भी उपलब्ध कराए गए। वहीं जनता आदर्श इंटर कॉलेज रुहेरी में विद्यार्थियों को भरे हुए फॉर्म विद्यालय में जमा कराने तथा किसी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क करने की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज सुजावलपुर में विद्यार्थियों को जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्वगणना अभियान के बारे में भी विस्तार से बताया गया। उन्हें जानकारी दी गई कि स्वगणना की प्रक्रिया 30 नवंबर तक ऑनलाइन पूरी की जानी है। विद्यालयों के माध्यम से चलाए गए इस जागरूकता अभियान का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना तथा प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना है। प्रशासन की ओर से विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page