Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 17 नवंबर। आगामी 21 नवंबर को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमामयी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों से संबंधित व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शासन की महत्वाकांक्षी एवं जनकल्याणकारी योजना है। इसके माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानजनक और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाता है। उन्होंने निर्देश दिए कि योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का चयन शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। सभी लाभार्थियों के अभिलेखों एवं पात्रता का समय से सत्यापन कराते हुए विवाह कार्यक्रम से संबंधित आवश्यक औपचारिकताएं पहले ही पूरी कर ली जाएं। डीएम ने कार्यक्रम स्थल पर विवाह मंडप, पंडाल, मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई, शौचालय, भोजन, जलपान, साज-सज्जा, पार्किंग एवं यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर-वधू एवं उनके परिजनों के आगमन, पंजीकरण, बैठने तथा विवाह की आवश्यक रस्मों को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएं की जाएं।

जिलाधिकारी ने सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। नगर निकाय एवं पंचायतीराज विभाग को साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था तथा विद्युत विभाग को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जिला समाज कल्याण अधिकारी को योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जाने वाली निर्धारित सामग्री की गुणवत्ता और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी विभागीय अधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। कार्यक्रम की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण कराकर सामूहिक विवाह समारोह को सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, उपायुक्त उद्योग, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, अधिशासी अभियंता विद्युत सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page