सादाबाद 16 नवंबर। सोमवार को मथुरा रोड पर अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। एक युवक की बाइक खेतों से निकलकर सड़क पर आई नीलगाय से टकरा गई, जबकि दूसरे युवक की बाइक गाय से टकरा गई।।घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। यहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घटनाओं की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
पहली घटना सादाबाद के मोहल्ला चावड़ वाला निवासी 30 वर्षीय शिवम कुमार पुत्र धर्मपाल सिंह के साथ हुई। सोमवार दोपहर वह किसी कार्य से मथुरा मार्ग की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक खेतों से निकलकर एक नीलगाय सड़क पर आ गई। शिवम की बाइक नीलगाय से टकरा गई। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद लेकर आए। यहां चिकित्सक ने उनका उपचार किया। दूसरी घटना ग्राम बिसावर निवासी 30 वर्षीय देव अग्रवाल पुत्र मुकेश अग्रवाल के साथ हुई। देव अग्रवाल बाइक से गांव से सादाबाद की ओर आ रहे थे। नौगांव के निकट अचानक उनकी बाइक सड़क पर आई गाय से टकरा गई।टक्कर लगने से वह बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े और घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद पहुंचाया गया। यहां चिकित्सक ने उनका प्राथमिक उपचार किया। घटना की जानकारी मिलने पर उनके परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। लगातार हो रहे इन हादसों से मार्ग पर आवारा पशुओं की समस्या एक बार फिर सामने आई है।










