हाथरस में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा, डीएम ने दिए संवेदनशील बूथों के निरीक्षण के निर्देश

हाथरस 15 नवंबर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने पुलिस लाइन स्थित ऑडिटोरियम में प्रशासन एवं पुलिस विभाग के नामित सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों तथा प्रभारी एवं सहायक प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्वाचन तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट अपने आवंटित क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करें और संवेदनशील एवं अति संवेदनशील बूथों का स्थलीय निरीक्षण कर वहां की वास्तविक स्थिति का आकलन करें। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने निर्देश दिए कि पोलिंग स्टेशनों तक पहुंचने वाले मार्गों, सड़कों, पुलिया और मतदान केंद्रों के भवनों का भौतिक सत्यापन किया जाए। इसके साथ ही बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, दरवाजे और खिड़कियों सहित सभी न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों को चिह्नित कर उनका समयबद्ध निस्तारण कराया जाए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं समावेशी बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं, महिलाओं और अन्य सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों को भी चिह्नित कर नियमानुसार उनका निराकरण कराया जाए। उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 21, 22, 27 एवं 28 नवंबर को निर्धारित विशेष अभियान तिथियों पर बूथों में बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और अपात्र प्रविष्टियों के नियमानुसार निराकरण की प्रक्रिया की निगरानी करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ईपी रेशियो एवं जेंडर रेशियो में सुधार के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा। बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी ने विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए नामित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों से उनके दायित्वों और अब तक की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता और समयबद्धता के साथ निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय बनाकर निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां समय से पूरी करें।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं सेक्टर पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन केवल औपचारिकता तक सीमित न रखें, बल्कि आवंटित क्षेत्रों में जाकर स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करें और जमीनी हकीकत का आकलन करें। उन्होंने वल्नरेबिलिटी मैपिंग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि पूर्व में प्रभावित रहे अथवा संभावित रूप से प्रभावित मतदाताओं और भय उत्पन्न करने वाले व्यक्तियों को चिह्नित किया जाए। इसके बाद भय के कारणों का पता लगाकर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाए, ताकि प्रत्येक मतदाता बिना किसी दबाव या भय के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। बैठक के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा अपर पुलिस अधीक्षक ने पीपीटी के माध्यम से सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों को निर्वाचन के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के उत्तरदायित्वों, कार्यप्रणाली और दायित्वों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी, जिला विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त क्षेत्राधिकारी पुलिस, सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।









