
सादाबाद 14 नवंबर। क्षेत्र के गांव चमरपुरा में पड़ोसी के घर जन्मदिन समारोह में पहुंचे 9 वर्षीय बच्चे के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने बच्चे के साथ मारपीट की, जिससे उसके गुप्तांग में चोट आई। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने उसे आगरा रेफर कर दिया। बच्चे का आगरा में इलाज चल रहा है।
गांव चमरपुरा निवासी अनिल पुत्र सुनहरी लाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 11 नवंबर की शाम उनके बेटे अवय कुमार के साथ गांव के ही तीन लड़कों ने मारपीट की। पीड़ित पक्ष के अनुसार, मारपीट के दौरान अवय के गुप्तांग में चोट आई। आरोप है कि घटना के दौरान आरोपियों ने बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन बच्चे को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। फिलहाल बच्चे का आगरा में उपचार चल रहा है। घटना के बाद शुक्रवार को बच्चे के पिता अनिल ने कोतवाली पहुंचकर लिखित शिकायत दी और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।







