
सादाबाद (सहपऊ) 14 नवंबर। गांव खोंडा में शनिवार शाम अज्ञात कारणों से लगी आग में किसान का करीब 45 बीघा धान का पुआल जलकर राख हो गया। आग की इस घटना में किसान को लगभग डेढ़ लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। सूचना पर पहुंची दमकल गाड़ी ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जानकारी के अनुसार गांव खोंडा निवासी किसान बच्चू सिंह ने पशुओं के चारे के लिए 45 बीघा का धान का पुआल एक स्थान पर एकत्र कर रखा था। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे अचानक पुआल में आग लग गई। ग्रामीणों को इसकी जानकारी उस समय हुई, जब पुआल से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की भयावहता देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी आग बुझाने का साहस नहीं जुटा सका।
बताया गया कि आग लगने से कुछ देर पहले ही नलकूपों की बिजली भी बंद हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पीआरवी वाहन और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। इसके कुछ देर बाद दमकल की गाड़ी भी घटनास्थल पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने करीब एक घंटे तक कड़ी मशक्कत करते हुए आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक किसान का पूरा पुआल जलकर राख हो चुका था। पीड़ित किसान बच्चू सिंह ने बताया कि उसने पशुओं के चारे के लिए पूरा पुआल खरीदा था। आग में सब कुछ नष्ट होने से अब उसे पशुओं के लिए चारे का इंतजाम करना पड़ेगा। किसान के अनुसार इस घटना में उसे करीब डेढ़ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग किस कारण से लगी, इसकी उसे जानकारी नहीं है। गनीमत रही कि ग्रामीणों की सतर्कता से छत्तरगढ़ी निवासी किसान मेघ सिंह, फौरन सिंह और कालू के पुआल एवं बाजरे की करब को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।









