
हाथरस 14 नवंबर। बाल दिवस के अवसर पर वामा सारथी (उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन) के तत्वावधान में आयोजित वामा खेलोत्सव-2026 के अंतर्गत पुलिस परिवार के बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले पुलिस परिवार के 12 बच्चों को पुरस्कार, उपहार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से आत्मीय संवाद करते हुए बाल दिवस के महत्व तथा जीवन में शिक्षा, खेल और अनुशासन की उपयोगिता के बारे में प्रेरणादायक बातें बताईं। उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष 14 नवंबर को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर बाल दिवस मनाया जाता है। पंडित नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे और उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं। बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सर्वांगीण विकास एक बेहतर समाज और सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए बेहद जरूरी है। वामा खेलोत्सव के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं में वैभव, इशिता, दीपांशी, मोहम्मद कासिफ एवं ऋषभ नादर ने लंबी कूद, अंकित यादव एवं क्षितिज ने 50 मीटर दौड़ तथा मोहम्मद कैफ, निशांत, दीपांशी एवं रिया ने 40 मीटर दौड़ में प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में शामिल सभी 12 बच्चों को एसपी ने पुरस्कार, उपहार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों की मेहनत, लगन और खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि खेलकूद एवं रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और आपसी सहयोग जैसे गुण विकसित होते हैं। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। पुलिस अधीक्षक ने बच्चों से उनकी पढ़ाई, रुचियों, पसंदीदा खेलों और भविष्य के सपनों के बारे में बातचीत की तथा उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने की सीख दी। उन्होंने माता-पिता एवं गुरुजनों का सम्मान करने, अच्छे संस्कार अपनाने, समय की पाबंदी रखने और मोबाइल एवं डिजिटल माध्यमों का सीमित तथा सकारात्मक उपयोग करने की सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि पुलिस परिवार के बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें उचित मंच उपलब्ध कराना और समय-समय पर प्रोत्साहित करना आवश्यक है। वामा सारथी द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उनमें आत्मविश्वास और आगे बढ़ने की प्रेरणा भी पैदा करते हैं। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने बच्चों के साथ विभिन्न खेल गतिविधियों में सहभागिता कर उनका उत्साह बढ़ाया। इस दौरान प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन, वामा सारथी प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। पुरस्कार, उपहार और प्रशस्ति पत्र पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी बच्चों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।











