
हाथरस 14 नवंबर। कांग्रेस पार्टी ने संगठन सृजन की प्रक्रिया के तहत हाथरस में शहर अध्यक्ष के पद पर एक बार फिर युवा नेता योगेश कुमार ओके पर भरोसा जताया है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें दूसरी बार शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है। इस नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले हाथरस में संगठन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व के इस फैसले के बाद नवनियुक्त शहर अध्यक्ष योगेश कुमार ओके ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय चेयरमैन एवं यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राष्ट्रीय सचिव एवं ब्रज जोन प्रभारी कुणाल चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद तथा कांग्रेस विधानमंडल दल के नेता वीरेंद्र चौधरी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का आभार व्यक्त किया।
योगेश कुमार ओके ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर दोबारा विश्वास जताते हुए जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसके लिए वह सभी वरिष्ठ नेताओं के हृदय से आभारी हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे और संगठन को मजबूत बनाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को साथ लेकर पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। इधर, लखनऊ से हाथरस लौटने पर समर्थकों एवं कांग्रेस पदाधिकारियों ने योगेश कुमार ओके का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पगड़ी पहनाकर और फूलों की मालाएं पहनाकर बधाई दी गई। समर्थकों में उनकी दोबारा नियुक्ति को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
स्वागत करने वालों में शहर महासचिव देवानंद कुशवाह, कोषाध्यक्ष अमित सिंह, कार्यालय प्रभारी मुकेश सिंह, कार्यालय सचिव रोहित कुमार, महासचिव योगेश बाबू, सचिव राजकुमार, हेमंत कुशवाह, राजेश कुशवाह एवं रवि बाबू सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। योगेश कुमार ओके की दोबारा नियुक्ति के बाद अब हाथरस में कांग्रेस संगठन की आगामी गतिविधियों और विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है।











