
हाथरस। जनगणना-2027 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट सभागार, हाथरस में जनपद के समस्त विभागाध्यक्षों एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों को स्व-गणना प्रक्रिया के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक संचालित की जाएगी। इस अवधि में जनपद के निवासी स्वगणना पोर्टल अथवा वेब लॉगिन के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार एवं परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्रशासन की ओर से सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्व-गणना के प्रति जागरूक और प्रेरित करें। साथ ही अधिक से अधिक कर्मचारियों एवं उनके परिवारों की स्व-गणना निर्धारित समयावधि में पूरी कराना सुनिश्चित करें। प्रशिक्षण में स्व-गणना आईडी के महत्व की भी जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने के बाद प्राप्त आईडी को सुरक्षित रखना अनिवार्य है। जब प्रगणक घर पर गणना के लिए पहुंचें तो उन्हें यह आईडी अवश्य उपलब्ध कराएं।
अधिकारियों को यह भी जानकारी दी गई कि स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनगणना का कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद के नागरिकों से अपील की गई कि वे जनगणना-2027 में सक्रिय सहभागिता निभाएं तथा प्रगणकों द्वारा पूछे जाने वाले सभी 40 प्रश्नों का सही, सटीक एवं पूर्ण विवरण उपलब्ध कराएं, जिससे जनगणना का कार्य पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से संपन्न हो सके। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रभागीय वनाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।










