
सादाबाद (सहपऊ) 13 नवंबर। क्षेत्र के गांव सेदरिया में एक किसान के आलू के खेत में करीब 12 फीट लंबा अजगर निकलने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। खेत में विशालकाय अजगर दिखाई देने से किसान और आसपास के लोग सहम गए। जानकारी के अनुसार किसान कृष्णकांत अपने आलू के खेत में पानी लगाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर खेत में मौजूद करीब 12 फीट लंबे अजगर पर पड़ी। अचानक इतने बड़े अजगर को देखकर किसान घबरा गए। उन्होंने तत्काल फोन कर सर्प मित्र डॉ. केपी सिंह को मौके पर बुलाया।
सूचना मिलते ही पहुंचे सर्प मित्र डॉ. केपी सिंह ने काफी सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित पकड़ लिया। अजगर के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। डॉ. केपी सिंह ने बताया कि अजगर जहरीला नहीं होता है, लेकिन इसके बावजूद लोगों को इससे दूरी बनाए रखनी चाहिए और खुद पकड़ने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास नहीं करना चाहिए। अजगर दिखाई देने पर तुरंत प्रशिक्षित सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए।










