
सादाबाद 11 नवंबर। विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदाता सूची की शुद्धता एवं मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को सादाबाद इंटर कॉलेज में मतदाता साक्षरता क्लब के तत्वावधान में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं का विषय ‘शुद्ध मतदाता सूची का महत्व एवं मतदान का महत्व’ रखा गया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम दर्ज कराने, मतदाता सूची में विद्यमान त्रुटियों को ठीक कराने तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन में मतदाता सूची की महत्वपूर्ण भूमिका से अवगत कराया गया। आयोजित निबंध प्रतियोगिता में कु. महनाज ने प्रथम तथा कु. मीना ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं क्विज प्रतियोगिता में कु. सना ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कु. मनु एवं कु. चंचल प्रजापति ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शुद्ध मतदाता सूची सशक्त लोकतंत्र एवं निष्पक्ष निर्वाचन का आधार है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में होना आवश्यक है, जिससे कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि मतदान केवल हमारा अधिकार ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में हमारा महत्वपूर्ण कर्तव्य भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं जागरूक बनें तथा अपने परिवार एवं समाज के लोगों को भी मतदाता सूची की शुद्धता और अनिवार्य मतदान के प्रति जागरूक करें। कार्यक्रम में मु. शादाब, निकेश कुमार तिवारी, धर्मवीर सिंह, संजय पाल सिंह, कपिल गुप्ता, शिखा शर्मा, नाजिया, हिना एवं प्रशांत कुमार सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









