
सादाबाद 11 नवंबर। क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और कलाकारों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से एकमतेज फाउंडेशन ने सामाजिक सरोकारों की दिशा में पहल की है। फाउंडेशन के माध्यम से शिक्षा, खेल, कला और रोजगार के क्षेत्र में प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। संस्था का मुख्यालय सादाबाद-मथुरा मार्ग पर स्थापित किया जाएगा, जिसकी नींव शीघ्र रखे जाने की तैयारी है।
इसी क्रम में फाउंडेशन की ओर से गांव गढ़वै में एक कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्र के प्रमुख लोगों का सम्मान किया गया। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों ने फाउंडेशन की स्थापना की पृष्ठभूमि, उद्देश्य और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। फाउंडेशन के संस्थापक चौधरी तेजवीर सिंह ने बताया कि कई वर्षों से बच्चों को शिक्षा और खेलकूद के प्रति प्रेरित करने का कार्य किया जा रहा था। बच्चों के बेहतर परिणाम सामने आने के बाद इस प्रयास को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का विचार आया। इसके लिए शिक्षकों और विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्यों से संपर्क किया गया। उनके सहयोग और मार्गदर्शन से एकमतेज फाउंडेशन की स्थापना हुई। संस्था के अंतर्गत चार प्रमुख विंग बनाए गए हैं। इनमें शिक्षा तेज के माध्यम से मेधावी बच्चों को छात्रवृत्ति, सर्दियों में जरूरतमंद विद्यार्थियों को सहायता तथा एनडीए, नीट, आईआईटी और कौशल विकास की तैयारी के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। सामर्थ्य तेज के अंतर्गत खिलाड़ियों को खेलकूद और प्रशिक्षण की सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर रहेगा। वहीं सृजन कला विंग के माध्यम से कला के क्षेत्र में रुचि रखने वाले बच्चों की प्रतिभा को निखारकर उन्हें आगे बढ़ने के अवसर दिए जाएंगे। सार्थक तेज विंग के अंतर्गत युवाओं को उद्यमिता, तकनीक और रोजगारपरक कौशल का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे स्वरोजगार के साथ नौकरी के अवसर भी हासिल कर सकें। इसके अलावा महिला स्वयं सहायता समूहों के गठन और सरकारी योजनाओं से जोड़कर महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग किया जाएगा। कार्यक्रम में फाउंडेशन के रामचरण सिंह, दयाशंकर सिंह, धर्मवीर सिंह गंधार, महावीर सिंह, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ओमवीर सिंह, पूर्व फौजी अजहरुद्दीन, साकेत ठेनुआ सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।










