Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 11 नवंबर। भैया दूज के पर्व पर बुधवार को वाहनों की अप्रत्याशित भीड़ के चलते कस्बे का प्रमुख मथुरा अड्डा जाम से कराह उठा। आगरा अलीगढ़ राजमार्ग और मथुरा-राया मार्ग पर सुबह से दोपहर तक यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमराई रही। तिराहा होने के कारण तीन प्रमुख मार्गों से एक साथ वाहनों का आवागमन होने से यहां जाम के हालात बनते चले गए। देखते ही देखते चारों तरफ करीब एक-एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई।

भैया दूज पर बहनों के घर पहुंचने और भाइयों के अपनी बहनों से मिलने जाने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हो गया था। बड़ी संख्या में लोग निजी वाहनों, दोपहिया वाहनों और अन्य साधनों से आवागमन कर रहे थे। इसके चलते प्रमुख मार्गों पर सामान्य दिनों की अपेक्षा कई गुना अधिक यातायात का दबाव बढ़ गया। मथुरा अड्डे पर वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ ने स्थिति और बिगाड़ दी। चौराहे पर वाहन फंसने लगे और धीरे-धीरे जाम ने विकराल रूप ले लिया। हालांकि भैया दूज के पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन की ओर से प्रमुख चौराहों और मार्गों पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी, लेकिन वाहनों की भारी भीड़ के आगे यातायात व्यवस्था संभालना पुलिसकर्मियों के लिए भी चुनौती बन गया। जाम खुलवाने के लिए पुलिसकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिसकर्मी एक तरफ के वाहनों को रोककर दूसरी तरफ के वाहनों को निकालने का प्रयास करते रहे, लेकिन कुछ ही देर में फिर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी। जाम के चलते पर्व पर आवागमन करने वाले लोगों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लोगों को काफी देर तक वाहनों में ही इंतजार करना पड़ा। दोपहर तक मथुरा अड्डे पर यातायात सामान्य कराने के लिए पुलिसकर्मी जूझते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page