
सादाबाद 11 नवंबर। दुर्घटना में युवक की मृत्यु हो जाने पर उसके पिता ने बाइक नंबर को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। 22 अक्टूबर को हुए हादसे में सुरजीत सिंह की मौत हो गई थी। करीब 19 दिन बाद उनके पिता ने बाइक चालक के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना मुरसान क्षेत्र के गांव नगला अंता निवासी हरिश्चंद्र पुत्र रामस्वरूप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 अक्टूबर की शाम करीब 5:30 बजे उनका बेटा सुरजीत सिंह बाइक से सादाबाद से गांव लौट रहा था। गोलपुरा के पास उसने लघुशंका के लिए बाइक सड़क किनारे खड़ी की और उतरकर सड़क किनारे चलने लगा। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही बाइक संख्या यूपी 85 सीपी 7516 के चालक ने गलत दिशा में आकर उसे टक्कर मार दी। बाइक अनियंत्रित होकर पास में खड़ी सुरजीत की बाइक से भी टकराई, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। सुरजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में मौके पर उसकी मौत हो गई। परिजन और अन्य लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सादाबाद ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया था। हरिश्चंद्र के अनुसार, हादसा गांव छौली, थाना बलदेव, जिला मथुरा निवासी रूप सिंह, मंगल सिंह और अन्य लोगों ने देखा था। टक्कर के बाद बाइक चालक अपनी मोटरसाइकिल मौके पर छोड़कर भाग गया। बाइक पास की एक दुकान पर खड़ी करा दी गई थी। बेटे के अंतिम संस्कार, त्रयोदशी और अन्य संस्कारों के बाद पिता ने कोतवाली पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।











