
हाथरस 11 नवंबर । आबकारी विभाग द्वारा अवैध मदिरा की बिक्री पर अंकुश लगाने और शराब की दुकानों पर पारदर्शी बिक्री व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को देशी शराब एवं कंपोजिट दुकानों का आकस्मिक सघन निरीक्षण किया गया। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश तथा संयुक्त आबकारी आयुक्त, आगरा जोन एवं उप आबकारी आयुक्त, अलीगढ़ प्रभार के निर्देशों के अनुपालन में जिला आबकारी अधिकारी हाथरस के मार्गदर्शन में क्षेत्रीय आबकारी निरीक्षक ने अपनी टीम के साथ विभिन्न फुटकर शराब दुकानों की जांच की।
निरीक्षण के दौरान दुकानों में उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान किया गया। इसके साथ ही रैंडम आधार पर मदिरा की बोतलों पर लगे QR कोड को एक्साइज एप के माध्यम से स्कैन कर उनकी प्रामाणिकता का सत्यापन किया गया। आबकारी निरीक्षक ने दुकानदारों एवं विक्रेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि POS मशीन के माध्यम से प्रत्येक बोतल का शत-प्रतिशत स्कैन करने के बाद ही मदिरा की बिक्री की जाए। बिक्री प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और विभागीय दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य मदिरा की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखना, स्टॉक की निगरानी करना तथा अवैध मदिरा की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना है।











