
हाथरस (मुरसान) 10 नवंबर । क्षेत्र के नगला हीरासिंह गांव में सोमवार रात घर में बंधी दो बकरियां चोरी हो गईं। उनकी कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई है। पीड़ित ने पुलिस से बकरियां ढूंढने और चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गांव के मुकेश पुत्र सोदान सिंह ने बताया कि दोनों बकरियां घर में बंधी थीं। घर के बाहर की दीवार करीब 5 फीट ऊंची है। चोर दीवार फांदकर घर में घुसे और बकरियों को बांधने वाली रस्सी काटकर उन्हें ले गए। मंगलवार सुबह बकरियां गायब मिलीं। मुकेश ने आसपास तलाश की, लेकिन उनका पता नहीं चला। इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। मुकेश ने बताया कि बकरियां ही उनकी आजीविका का सहारा थीं। उन्होंने पुलिस से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखकर चोरों का पता लगाने और बकरियां ढूंढने की मांग की है।






