Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद 10 नवंबर । समूचे इलाके में ब्रज क्षेत्र में आस्था और श्रद्धा के प्रतीक गोवर्धन पूजा पर्व को लेकर घर-घर में उत्साह और उमंग का माहौल बना हुआ है। दीपावली के अगले दिन मनाए जाने वाले इस पर्व पर लोगों द्वारा परंपरागत तरीके से गोबर और मिट्टी से गोवर्धन महाराज की आकर्षक आकृतियों का निर्माण किया जा रहा है। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक घरों के आंगन और खुले स्थानों पर गोवर्धन महाराज की प्रतिमाएं सजाई जा रही हैं।

गोवर्धन पूजा को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियां शुरू हो गईं। महिलाएं और पुरुष पूरे श्रद्धाभाव के साथ अपने-अपने तरीके से जमीन पर गोवर्धन महाराज का स्वरूप तैयार कर रहे हैं। कहीं गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाई जा रही है तो कहीं भगवान श्रीकृष्ण, गाय और ग्वाल-बालों के प्रतीकात्मक स्वरूप बनाकर उन्हें आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा है। पूजा स्थलों को फूलों, रंगों और अन्य पूजन सामग्री से सजाकर पर्व की धार्मिक छटा को और भी सुंदर बनाया जा रहा है। ब्रज क्षेत्र में गोवर्धन पूजा का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्र के अहंकार को समाप्त करने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी अंगुली पर धारण किया था। तभी से गोवर्धन पूजा की परंपरा श्रद्धा और विश्वास के साथ निभाई जा रही है। शाम के समय गांव-गांव और मोहल्लों में तैयार किए गए गोवर्धन पूजा स्थलों पर सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की जाएगी। महिलाएं परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगी। पूरे क्षेत्र में गोवर्धन पूजा को लेकर धार्मिक उल्लास और भक्ति का वातावरण बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page