Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 नवंबर। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान जिले में हादसों की कई घटनाएं सामने आईं। पटाखे चलाते समय बच्चे, किशोर और युवा समेत करीब 12 लोग झुलस गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश लोगों के हाथ, चेहरे और आंखों में चोट आई है। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया, जबकि अन्य को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। हाथरस जंक्शन कोतवाली क्षेत्र के गांव राजपुर निवासी 14 वर्षीय विकास पुत्र गिरिराज किशोर आतिशबाजी चलाते समय झुलस गए। उनकी आंख में भी गंभीर चोट आई है। इसके अलावा चंदपा निवासी 15 वर्षीय देव, हरबंस कॉलोनी निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र कुमार, कृष्णानगर निवासी 23 वर्षीय पिंकी, नयावास निवासी 17 वर्षीय छोटू, गोकुलधाम निवासी 17 वर्षीय चंद्रशेखर, बालापट्टी निवासी 10 वर्षीय मुस्कान, नबीपुर निवासी 16 वर्षीय यश, तरफरा निवासी 21 वर्षीय सूरज और नगला चौबे निवासी 24 वर्षीय राहुल कश्यप भी पटाखों की चपेट में आकर झुलस गए। इनके अलावा दो अन्य बच्चे भी झुलसने के बाद अस्पताल पहुंचे।

चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार दिया। कुछ की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा गया। वहीं, सामान्य रूप से घायल मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। दीपावली पर पटाखों से होने वाले हादसों की आशंका को देखते हुए जिला अस्पताल में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती की गई थी, ताकि आपात स्थिति में घायलों को तत्काल उपचार मिल सके। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की कि बच्चों को अकेले पटाखे न चलाने दें। आतिशबाजी के दौरान सुरक्षित दूरी बनाए रखें और आंखों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। पटाखों से झुलसने की स्थिति में घरेलू उपचार में समय गंवाने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page