
हाथरस 09 नवंबर। जिला अस्पताल में सोमवार को बिजली लाइन में फाल्ट आने के कारण करीब छह घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक बिजली गुल रहने से अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं। छुट्टी के चलते ओपीडी आधे दिन के लिए ही खुली थी, इसके बावजूद बिजली नहीं होने से इलाज और जांच कराने पहुंचे मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण कई मरीजों की जांच नहीं हो सकी और उन्हें बिना जांच कराए ही वापस लौटना पड़ा। अस्पताल की ओपीडी, जनरल वार्ड और ब्लड बैंक में अंधेरा छाया रहा। मरीजों और उनके तीमारदारों को भीषण अव्यवस्थाओं के बीच समय बिताना पड़ा।
बताया गया कि बिजली गुल होने के बाद अस्पताल में लगे जनरेटर से वैकल्पिक व्यवस्था की गई, लेकिन उससे भी मरीजों को पूरी राहत नहीं मिल सकी। जनरेटर काफी देर तक बंद रहने के कारण अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित हुईं। जांच कराने पहुंचे कई मरीजों को बिजली आपूर्ति बाधित होने के चलते अगले दिन आने के लिए कह दिया गया। इस संबंध में सीएमएस डॉ. सूर्य प्रकाश ने बताया कि बिजली लाइन में फाल्ट की जानकारी संबंधित विभाग को दे दी गई थी। अस्पताल में जनरेटर के माध्यम से व्यवस्था सुचारू रखने का प्रयास किया गया।









