Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 09 नवंबर। कस्बे में शनिवार देर रात शॉर्ट सर्किट के चलते श्याम गारमेंट की दुकान में भीषण आग लग गई। आग से दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ा और गारमेंट का सामान जलकर राख हो गया। दुकान से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने मकान मालिक और दुकान मालिक को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सबमर्सिबल से पानी डालकर दमकल की गाड़ी पहुंचने से पहले ही आग पर काबू पा लिया। जानकारी के अनुसार, कस्बे में धर्मशाला चौराहे की ओर जाने वाले मार्ग पर सहकारी समिति सहपऊ पूर्वी के पास स्थित श्याम गारमेंट की दुकान को दुकानदार रविकांत निवासी शिकोहाबाद शनिवार शाम करीब 8:15 बजे बंद करके घर चले गए थे। रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच पड़ोसियों ने दुकान से धुआं उठता देखा। उन्होंने तत्काल मकान मालिक प्रेमशंकर निवासी नगला सेवा और दुकान मालिक रविकांत को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रेमशंकर मौके पर पहुंचे और दुकान का ताला तोड़कर शटर खुलवाया। इसके बाद पड़ोसियों ने सबमर्सिबल से पाइप लगाकर पानी डालना शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना की सूचना पर पुलिस और दमकल की गाड़ी भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोगों ने आग बुझा दी थी।

दुकान मालिक रविकांत ने बताया कि उन्होंने 16 अक्टूबर को ही दुकान का शुभारंभ किया था। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी भीषण थी कि दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ा और गारमेंट का सामान पूरी तरह जल गया। दुकान में लगवाया गया फर्नीचर और फॉल सीलिंग भी आग की चपेट में आ गए। गर्मी के कारण फॉल सीलिंग और सीलिंग फैन पिघलकर फर्श पर गिर गए, जबकि दुकान में लगी टाइल्स भी चटक गईं। इस घटना में दुकानदार को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। गौरतलब है कि कस्बे में 15 दिन के भीतर आग लगने की यह दूसरी घटना है। वहीं, कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि घटना के संबंध में कोतवाली में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page