Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सादाबाद (सहपऊ) 09 नवंबर। सादाबाद-जलेसर मार्ग पर महरारा चौराहे के पास शनिवार देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए 45 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की रविवार तड़के करीब चार बजे मौत हो गई। मृतक के छोटे बेटे की 14 नवंबर को शादी होनी थी। घर में दीपावली के साथ शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, गांव खोंडा निवासी 45 वर्षीय नूर मोहम्मद पुत्र मोहम्मद अली ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनके दो बेटियां और तीन बेटे हैं। बड़ी बेटी और बड़े बेटे की शादी हो चुकी है, जबकि उनसे छोटे बेटे आरिफ की शादी 14 नवंबर को होनी तय थी। घर में दीपावली के त्योहार के साथ शादी की तैयारियां भी जोर-शोर से चल रही थीं।

बताया गया है कि शनिवार शाम नूर मोहम्मद कुछ सवारियों को लेकर जलेसर रोड गए थे। वहां से वापस लौटते समय महरारा चौराहे के पास उनके ई-रिक्शा में किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और नूर मोहम्मद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल अवस्था में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उपचार किया। उनके सिर में करीब पांच टांके लगाए गए। इसके अलावा पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई थीं। उपचार के बाद उन्हें सीएचसी से छुट्टी दे दी गई। मृतक के बड़े बेटे इरफान ने बताया कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद भी उनके पिता ठीक से सो नहीं पाए थे। रविवार सुबह करीब चार बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें आगरा ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया। इरफान ने सीएचसी में तैनात चिकित्सक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया कि जब उनके पिता पूरी तरह स्वस्थ नहीं थे तो उन्हें अस्पताल से छुट्टी क्यों दी गई? उनका कहना है कि उपचार के दौरान चिकित्सक ने उनके पिता को ठीक बताया था, लेकिन करीब सात घंटे बाद ही उनकी मौत हो गई। इस संबंध में कोतवाली प्रभारी मयंक चौधरी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है। बेटे की शादी के लिए घर में गूंजने वाली खुशियों की जगह अब मातम पसरा है। जिस पिता को बेटे के सिर पर सेहरा सजाने की तैयारी करनी थी, उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page