Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

हाथरस 09 नवंबर। शहर की आवासीय शिव धाम कॉलोनी, कछपुरा बंबा, मथुरा रोड स्थित श्री श्याम इंडस्ट्रीज से निकलने वाली गर्म राख और जले हुए अवशेषों की चपेट में आकर एक मासूम बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद कॉलोनी के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पीड़ित परिवार ने फैक्ट्री संचालकों पर लापरवाही बरतने और आबादी क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने का आरोप लगाते हुए फैक्ट्री को तत्काल बंद कराकर अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। मामले में धीरेन्द्र चौधरी उर्फ ईशू पुत्र डम्बर सिंह निवासी शिव धाम कॉलोनी, कछपुरा बंबा, मथुरा रोड ने थाना हाथरस गेट में लिखित तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आवासीय कॉलोनी में श्री श्याम इंडस्ट्रीज के नाम से फैक्ट्री संचालित हो रही है, जिससे क्षेत्र में भारी वायु एवं ध्वनि प्रदूषण फैल रहा है। फैक्ट्री के कारण कॉलोनी में धुंध जैसी स्थिति बनी रहती है और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उनका कहना है कि क्षेत्र के बच्चे भी आए दिन बीमार हो रहे हैं। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि फैक्ट्री से निकलने वाली गर्म राख और जले हुए अवशेषों को कॉलोनी के खाली प्लॉटों में डाल दिया जाता है। इससे बच्चों और पालतू जानवरों के साथ हादसे की आशंका बनी रहती है। कॉलोनीवासियों द्वारा कई बार फैक्ट्री संचालक को आबादी क्षेत्र में फैक्ट्री चलाने और खाली प्लॉटों में गर्म अवशेष डालने से मना किया गया, लेकिन आरोप है कि इसके बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ।

शिकायतकर्ता के अनुसार, 6 नवंबर की शाम करीब पांच बजे उनका भतीजा ओम चौधरी पुत्र प्रेम सिंह कॉलोनी के अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान पेशाब करने के लिए जाते समय वह एक खाली प्लॉट में पड़ी गर्म जलती राख में गिर गया। हादसे में मासूम गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। फिलहाल मासूम का इलाज नोएडा स्थित विनायक हॉस्पिटल में चल रहा है। हादसे के बाद पीड़ित परिवार ने थाना हाथरस गेट में लिखित तहरीर देकर मामले में रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इसके साथ ही आवासीय कॉलोनी में संचालित फैक्ट्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने और फैक्ट्री से निकलने वाले गर्म अवशेषों को आबादी क्षेत्र के खाली प्लॉटों में डालने पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई है। घटना ने आवासीय क्षेत्रों में औद्योगिक इकाइयों के संचालन, प्रदूषण नियंत्रण और औद्योगिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि मासूम के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस, प्रदूषण नियंत्रण विभाग और जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करते हैं और कॉलोनीवासियों को प्रदूषण व संभावित हादसों से कब राहत मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page