अलीगढ़ 06 नवंबर। मंगलायतन विश्वविद्यालय के कंप्यूटर इंजीनियरिंग एंड एप्लीकेशंस विभाग के तीन विद्यार्थियों ने शोध और नवाचार के क्षेत्र में उपलब्धि हासिल की है। बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष के मोहम्मद जुनैद, नितिन गौतम और मोहम्मद अनस के शोध प्रोजेक्ट का भारत और जर्मनी में पेटेंट प्रकाशित हुआ है।
एआई-इनेबल्ड एज-आईओटी सिस्टम फॉर स्मार्ट ऑटोमेशन, एनर्जी ऑप्टिमाइजेशन एंड सिक्योरिटी मॉनिटरिंग शीर्षक वाले इस प्रोजेक्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एज इंटरनेट ऑफ थिंग्स तकनीक को एकीकृत कर स्मार्ट ऑटोमेशन, ऊर्जा दक्षता और सुरक्षा निगरानी के लिए आधुनिक समाधान विकसित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। इससे पहले भी विद्यार्थी इस शोध के प्रारंभिक कार्य पर पेटेंट प्रकाशित करा चुके हैं। प्रोजेक्ट का मार्गदर्शन असिस्टेंट प्रोफेसर अर्शिल नूर और असिस्टेंट प्रोफेसर पंकज निगम ने किया। शोध संकाय के डीन प्रो. रविकांत और विभागाध्यक्ष डा. जावेद वसीम का भी सहयोग रहा। कुलपति प्रो. पीके दशोरा, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश कुमार शर्मा, डीन एकेडमिक प्रो. अम्बरीश शर्मा, प्रो. राजेश उपाध्याय, डा. लव मित्तल सहित अन्य शिक्षकों ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए शोध एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।







