Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

मथुरा 06 नवंबर। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट में दिवाली हाट-2026 का भव्य एवं उल्लासपूर्ण आयोजन किया गया। रोशनी, संगीत, स्वादिष्ट व्यंजनों और मनोरंजक गतिविधियों से सजे इस आयोजन में विद्यार्थियों ने जमकर मस्ती की। पूरे परिसर में उत्सव का माहौल रहा और छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर दिवाली की खुशियों को यादगार बना दिया। इस वर्ष दिवाली हाट की खासियत इसकी ‘फॉर स्टूडेंट्स, बाय स्टूडेंट्स’ थीम रही। इसके तहत आयोजन की योजना बनाने से लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं और गतिविधियों के संचालन तक विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं। इस पहल ने विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने के साथ नेतृत्व क्षमता, टीमभावना, प्रबंधन कौशल और उद्यमिता के व्यावहारिक अनुभव हासिल करने का अवसर प्रदान किया।

कार्यक्रम में फूड, म्यूजिक, डांस और फन का शानदार संगम देखने को मिला। खान-पान के विभिन्न स्टॉल, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों तथा मनोरंजक गतिविधियों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम का संचालन भी छात्र-छात्राओं ने किया। इसमें नेहल कौशिक, श्रेष्ठ रावत, प्रिया यादव, मुस्कान और प्राची सक्सेना ने प्रभावशाली भूमिका निभाई। आयोजन के सफल संचालन में प्रो. मोहम्मद जाहिद, प्रो. दीपक सिंह एवं डॉ. मनीष उपाध्याय का विशेष योगदान रहा।

दिवाली हाट का सबसे रोमांचक आकर्षण लकी ड्रॉ रहा, जिसमें विद्यार्थियों के लिए कुल 20 आकर्षक पुरस्कार रखे गए थे। प्रथम पुरस्कार बीबीए तृतीय सेमेस्टर के तरुण अग्रवाल ने जीता, जबकि द्वितीय पुरस्कार बीसीए प्रथम सेमेस्टर की खुशी शुक्ला और तृतीय पुरस्कार बीसीए प्रथम सेमेस्टर के आशीष फौजदार के नाम रहा। इनके अलावा 17 अन्य विद्यार्थियों को भी लकी ड्रॉ के माध्यम से आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। पुरस्कारों में कम्बल, इलेक्ट्रिक केतली, डिनर सेट, ईयरबड्स, सेल्फी स्टैंड, नेकबैंड, ब्लूटूथ स्पीकर, लंच बॉक्स और वाटर बॉटल सहित अनेक उपयोगी वस्तुएं शामिल थीं। पुरस्कार विजेताओं के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. आर.के. अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी ज्ञान के साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और मनोरंजक गतिविधियां भी जरूरी हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रेरणा देते हैं।

संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि दिवाली हाट केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए व्यावहारिक ज्ञान, प्रबंधन कौशल, नेतृत्व क्षमता और टीम वर्क सीखने का प्रभावी मंच भी है। ‘फॉर स्टूडेंट्स, बाय स्टूडेंट्स’ की अवधारणा विद्यार्थियों को जिम्मेदारी निभाने और अपनी क्षमताओं को सामने लाने के लिए प्रोत्साहित करती है। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने दिवाली हाट-2026 को यादगार आयोजन बताते हुए भविष्य में भी इस परम्परा को जारी रखने की इच्छा जताई। रंगारंग प्रस्तुतियों, आकर्षक उपहारों और आपसी सहभागिता से सजे इस आयोजन ने न केवल विद्यार्थियों को मनोरंजन के अविस्मरणीय पल दिए, बल्कि उनमें उत्सव, सहयोग और रचनात्मकता की भावना को भी मजबूत किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page