
सादाबाद 05 नवंबर। गांव बिसावर निवासी एक युवक की नोएडा में सड़क हादसे के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। युवक ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। तीन नवंबर को डिलीवरी के दौरान हुए हादसे में उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। दो दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद गुरुवार को उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, बिसावर निवासी मनीष कुमार पुत्र राजेश कुमार उर्फ बल्ला ठाकुर गांव में घुंघरू और पीपरा चढ़ाने की कारीगरी करते थे। चांदी महंगी होने के कारण उनका काम प्रभावित हो गया था, जिससे परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया। परिवार की जिम्मेदारियों को संभालने और रोजी-रोटी कमाने के लिए मनीष रोजगार की तलाश में नोएडा चले गए थे। वहां वह ऑनलाइन डिलीवरी का काम कर रहे थे। बताया गया कि तीन नवंबर को डिलीवरी करने के दौरान परी चौक से पहले मनीष सड़क हादसे का शिकार हो गए। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। उन्हें नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो दिन तक उपचार चला, लेकिन गुरुवार को उनकी मौत हो गई। परिवार के भरण-पोषण के लिए घर से दूर नोएडा में मेहनत करने गए मनीष की असमय मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं। उनकी मौत से गांव बिसावर में भी शोक का माहौल है।






