Skip to main content

Hamara Hathras

Latest News

सासनी 05 नवंबर। ठेकेदारी दिलाने का झांसा देकर एक बिजली मिस्त्री के नाम पर बैंक खाता खुलवाने और उसके जरिए साइबर फ्रॉड किए जाने का मामला सामने आया है। खाते से हुए कथित साइबर फ्रॉड के मामलों में पीड़ित के खिलाफ तमिलनाडु और दिल्ली में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। पीड़ित ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की है।

नगला मिश्रिया बसगोई निवासी बिजली मिस्त्री रोहित कुमार ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि अगस्त 2024 में उसकी मुलाकात अलीगढ़ के सूतमील चौराहे के पास खैर रोड स्थित मोंटी के ढाबे पर दीपक प्रताप सिंह निवासी नई कॉलोनी, सिंधौली, अलीगढ़ से हुई थी। आरोप है कि दीपक ने उसे गरीबी से बाहर निकालने और नोएडा में ठेकेदार बनवाने का भरोसा दिया। इसके बाद दिसंबर 2024 में दीपक उसके घर पहुंचा और कहा कि टेंडर दिलाने के लिए नोएडा में बैंक खाता होना जरूरी है। इस बहाने उसने फार्म और अन्य दस्तावेजों पर रोहित के हस्ताक्षर करा लिए।

पीड़ित का आरोप है कि बैंक खाते का पूरा संचालन दीपक के पास था। बाद में उसे पता चला कि इंडसइंड बैंक की सेक्टर-16, नोएडा शाखा में उसके नाम से खुले खाते के माध्यम से साइबर फ्रॉड किया गया है। इस संबंध में तमिलनाडु और दिल्ली में उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली। रोहित ने बैंक खाता खुलने की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए शाखा प्रबंधक की भूमिका को संदिग्ध बताया है। उसका कहना है कि वह आज तक संबंधित बैंक शाखा में नहीं गया, फिर भी उसकी भौतिक उपस्थिति के बिना खाता कैसे खुल गया।

पीड़ित के अनुसार, उसने दीपक से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ जा रहा है। रोहित का आरोप है कि उसने स्थानीय थाने और पुलिस अधीक्षक से भी शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts

You cannot copy content of this page