
हाथरस 05 नवंबर। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने गुरुवार को जनता दर्शन के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शिकायतों का मौके पर मुआयना कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक फरियादी की बात सम्मानपूर्वक सुनी जाए। फरियादियों के बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई के निर्धारित समय में सभी अधिकारी अनिवार्य रूप से अपने कार्यालयों में मौजूद रहें, जिससे लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक भागदौड़ न करनी पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों पर केवल आदेश जारी करने की औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि उनका वास्तविक और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। यदि किसी शिकायत का लंबे समय से निस्तारण लंबित है तो संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाए। विशेष रूप से भूमि संबंधी विवादों में उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी आवश्यकता पड़ने पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराएं, ताकि विवादों का स्थायी समाधान हो सके।
उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जनसुनवाई के दौरान जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश में आईजीआरएस प्रणाली लागू है और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण होने से जनपद की रैंकिंग बेहतर बनी रहती है। उन्होंने सभी अधिकारियों से अपेक्षा की कि आईजीआरएस, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, संपूर्ण समाधान दिवस और थाना समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करें तथा प्रत्येक शिकायत का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करें।







